रक्तदान से लेकर मैराथन तक… आईसीएआई भोपाल ने दिया स्वस्थ और विकसित भारत का संदेश

Share :

विवेक झा, भोपाल। सामाजिक सरोकार, स्वास्थ्य जागरूकता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को नई ऊर्जा देते हुए द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की भोपाल शाखा ने रविवार को मेगा स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर और ‘सीए रन फॉर विकसित भारत’ का भव्य आयोजन किया। पूरे दिन चले इन कार्यक्रमों में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, सीए विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईसीएआई के सेंट्रल काउंसिल सदस्य सीए अभय छाजेड़ रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता आईसीएआई भोपाल शाखा के अध्यक्ष सीए आदित्य श्रीवास्तव ने की। इस अवसर पर शाखा के पदाधिकारी, वरिष्ठ सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

रक्तदान शिविर में उमड़ा सेवा का जज्बा

दिन की शुरुआत आईसीएआई भवन में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर से हुई। सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस शिविर में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, सीए विद्यार्थियों और नागरिकों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

शाखा अध्यक्ष सीए आदित्य श्रीवास्तव ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा जीवनदान है। एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों की जान बचा सकता है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने में सीए समुदाय हमेशा अग्रणी भूमिका निभाता रहा है और इस प्रकार के अभियान उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हैं।

निशुल्क स्वास्थ्य जांच से मिला जागरूकता का संदेश

कार्यक्रम के अंतर्गत अपोलो सेज अस्पताल के सहयोग से एक व्यापक स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। इसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सदस्यों और विद्यार्थियों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर सहित कई आवश्यक स्वास्थ्य जांचें की गईं तथा स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया।

डॉक्टरों ने प्रतिभागियों को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार और सक्रिय जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।

‘सीए रन फॉर विकसित भारत’ में दौड़ा फिटनेस का उत्साह

स्वस्थ जीवनशैली और विकसित भारत के संकल्प को जोड़ते हुए आयोजित ‘सीए रन फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम ने विशेष आकर्षण का केंद्र बनाया। सुबह 6:15 बजे शुरू हुई मैराथन में युवा, वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, विद्यार्थी और फिटनेस प्रेमियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

मैराथन को दो वर्गों—3 किलोमीटर फन रन और 10 किलोमीटर प्रतियोगी दौड़—में आयोजित किया गया। 3K रन में प्रतिभागियों ने आईसीएआई भवन से एम्स गेट नंबर-4 तक का मार्ग तय किया, जबकि 10K प्रतियोगिता में धावकों ने एम्स रोड, मेट्रो लाइन और अमरावती तिराहा होते हुए निर्धारित लूप पूरा किया।

सुरक्षित दौड़ के लिए की गई विशेष व्यवस्थाएं

आयोजकों ने प्रतिभागियों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा। सभी पंजीकृत धावकों को टी-शर्ट प्रदान की गई तथा दौड़ पूरी करने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को मेडल देकर सम्मानित किया गया।

पूरे मार्ग पर पानी, ग्लूकोज और अन्य हाइड्रेशन सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। दौड़ से पहले प्रतिभागियों को सुरक्षित रनिंग, पर्याप्त जल सेवन और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी गई।

स्वस्थ सीए ही विकसित भारत की ताकत : अभय छाजेड़

मुख्य अतिथि सीए अभय छाजेड़ ने आईसीएआई भोपाल शाखा की पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। उन्होंने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट्स देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं और उनका स्वस्थ रहना विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन केवल स्वास्थ्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज सेवा, जनजागरूकता और राष्ट्रीय विकास के प्रति जिम्मेदारी का भी संदेश देते हैं।

सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता दे रही भोपाल शाखा

कार्यक्रम के दौरान शाखा के पदाधिकारियों ने कहा कि आईसीएआई भोपाल शाखा केवल व्यावसायिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और सामाजिक जागरूकता जैसे क्षेत्रों में भी निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रही है। भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

सभी सहयोगियों का किया आभार व्यक्त

कार्यक्रम के अंत में शाखा के सचिव सीए अभिषेक जैन ने डॉक्टरों, वालंटियर्स, रक्तदाताओं, प्रतिभागियों, सीए सदस्यों, विद्यार्थियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से कार्यक्रम सफल रहा।

कार्यक्रम में इनकी रही प्रमुख उपस्थिति

समारोह में शाखा अध्यक्ष सीए आदित्य श्रीवास्तव, सेंट्रल काउंसिल सदस्य सीए अभय छाजेड़, उपाध्यक्ष सीए प्रदीप मुतरेजा, पूर्व अध्यक्ष सीए अर्पित राय, सचिव सीए अभिषेक जैन, कोषाध्यक्ष सीए नंदन नरूला, सीआईसीएएसए अध्यक्ष सीए पीयूष चत्तर तथा कार्यकारिणी समिति सदस्य सीए सुचिता गोयल सहित बड़ी संख्या में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

आयोजन की प्रमुख विशेषताएं

  • आईसीएआई भोपाल शाखा द्वारा तीन बड़े सामाजिक एवं स्वास्थ्य कार्यक्रमों का आयोजन।
  • मेगा रक्तदान शिविर में सीए सदस्यों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने किया रक्तदान।
  • अपोलो सेज अस्पताल के सहयोग से निशुल्क स्वास्थ्य जांच और परामर्श।
  • ‘सीए रन फॉर विकसित भारत’ के तहत 3K और 10K मैराथन का आयोजन।
  • सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट और फिनिशर्स को मेडल प्रदान किए गए।
  • दौड़ मार्ग पर हाइड्रेशन और स्वास्थ्य सुरक्षा की विशेष व्यवस्था।
  • स्वस्थ भारत, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश।
🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu