सतना में बहुमंजिला इमारत में भीषण आग, तीन लोगों का रेस्क्यू; कई के फंसे होने की सूचना

सतना-में-बहुमंजिला-इमारत-में-भीषण-आग,-तीन-लोगों-का-रेस्क्यू;-कई-के-फंसे-होने-की-सूचना

मध्य प्रदेश के सतना शहर के कामता टोला इलाके में शुक्रवार को एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। आग लगने के समय बिल्डिंग के अंदर कई लोगों के मौजूद होने की जानकारी सामने आई है। राहत और बचाव दल ने अब तक तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।

आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की करीब चार गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं और लगातार आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है।

एसडीएम ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसडीएम राहुल सिलाडिया मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी शुरू की। बताया जा रहा है कि मौके पर तत्काल एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी, जिसके बाद एसडीएम ने अपनी सरकारी गाड़ी से बिल्डिंग से निकाले गए लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया।

कई लोगों के घायल होने की सूचना

स्थानीय जानकारी के अनुसार, आग की घटना में कई लोगों के घायल होने की भी सूचना मिल रही है। फायर ब्रिगेड की टीमें बिल्डिंग में तलाशी अभियान चलाकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास कर रही हैं।

बताया जा रहा है कि यह बहुमंजिला इमारत रामनरेश गुप्ता की है। फिलहाल प्रशासन और दमकल विभाग की प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाने और इमारत में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की है। आग के कारणों और नुकसान का आकलन राहत कार्य पूरा होने के बाद किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *